फूड टेस्टिंगकैसरगंज (बहराइच)। खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की ओर से संचालित फूड टेस्टिंग वैन सोमवार को कैसरगंज बाजार पंहुची। इस दौरान विभाग की टीम ने बाजार स्थित 17 दुकानों के खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर मौके पर जांच किया। दो नमूना फेल मिलने पर टीम ने दुकान संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की ओर से मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों मेें फूड टेस्टिंग वैन को संचालित कर मौके पर ही नमूना एकत्रित कर जांच कर रही है। सोमवार को वैन मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी अमरेश कुमार, खाद्य सुरक्षाधिकारी एसपीएन सिंह, राजेंद्र पांडेय, अनंत स्वरूप की अगुवाई कैंसरगंज बाजार पंहुची। इस दौरान टीम ने बाजार स्थित 17 दुकानों मेें बिक रहे खाद्य पदार्थो का नमूना एकत्रित कर मौके पर जांच की। जांच के दौरान 15 नमूनें पास हुए। जबकि दो नमूने फेल पाए गए।
इस दौरान टीम ने दोनों दुकान संचालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए खाद्य पदार्थों को पूरी गुणवत्ता के साथ ही बिक्री किए जाने के निर्देश दिए। चेतावनी भी दी कि अगर पुन: जांच के दौरान कोई भी गड़बड़ी पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान व्यापार मंडल के जगदीश प्रसाद जरायसवाल, महामंत्री बद्रीनाथ यज्ञसैनी, राकेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार, दानिश सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।