पॉलिथीन का आज से नहीं कर सकेंगे प्रयोग
रोक के लिए बनी तीन टीमें, दुकानों में करेंगी छापेमारी
दर्ज होगा केस
बहराइच। पॉलिथीन पर 15 जुलाई से रोक के बाद नपाप प्रशासन ने कमर कस ली है। पालिका प्रशासन ने प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। टीमें नगर क्षेत्र में भ्रमण कर नजर रखेंगी। दुकानों पर भी छापेमारी करेंगी। पॉलिथीन प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शासन के निर्देश पर रविवार से पॉलिथीन के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लग जाएगा। इस मामले में नपाप व नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों को सचेत करते हुए प्लास्टिक की थैली का प्रयोग बंद करने की भी अपील की है। शासन के फरमान को अमल में लाने के लिए अब नपाप प्रशासन ने 15 जुलाई से तीन टीमें गठित कर नगर क्षेत्र का भ्रमण करने की कार्य योजना बनाई है।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि अभी तक शासनादेश की कॉपी शासन ने नहीं उपलब्ध कराई है। फिर भी 15 जुलाई से प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर तीन टीमें गठित की गई है। दुकानों पर छापेमारी होगी, जो भी पॉलिथीन में सामान देता या लेता मिलेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि गठित टीमें नगर क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करेंगी।