फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एडवायजरी

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। आधारकार्ड आज के दौर में सबसे महत्वपूर्ण पहचान पत्र के रूप में देखा जा रहा है। आधारकार्ड बनाने में की जाने वाली धांधली को रोकने के लिए सरकार ने महज डाकघरों और राष्ट्रीयकृत बैंकों में आधारकार्ड बनाने का काम सीमित कर दिया है। जिले में अब महज 11 जगहों पर आधारकार्ड बन रहे हैं। उनमें संशोधन के लिए भी आवेदन हो रहे हैं। मगर, आधारकार्ड केंद्रों पर कर्मचारियों की मनमानी की चलते आम जनता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कर्मियों की मनमानी से लोगोें के आधारकार्ड नहीं बन पा रहे हैं। लोग तीन से चार दिनों तक चक्कर काटने को मजबूर हैं। 42 लाख की आबादी में पचास फीसदी से कम लोगों का आधारकार्ड बन सका है।
विज्ञापन


आधारकार्ड में बढ़ती धांधली को समाप्त करने के लिए सरकार ने लोकवाणी केंद्रों और जनसेवा केंद्रों से आधारकार्ड बनाने की व्यवस्था को समाप्त कर दिया था। इसके बाद महज डाकघरों और राष्ट्रीयकृत बैंकों में ही आधारकार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। पहले जहां करीब 230 केंद्रों पर आधारकार्ड बनते थे।

वहीं अब जिले में महज प्रधान डाकघर, एसबीआई, पीएनबी, सिंडीकेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत 11 जगहों ही आधारकार्ड बन रहे हैं। प्रधान डाकघर में आधारकार्ड बना रहे कर्मचारी एसके शुक्ला ने बताया कि दिन भर में करीब 150 आवेदन जमा हो रहे हैं। इनमें नये आवेदन के साथ संशोधन भी शामिल हैं। मगर दिन में करीब 30 से 35 लोगों का ही आधार बन पाता है। इससे कुछ दिक्कतें जरूर आती हैं।
विज्ञापन


आधारकार्ड बनवाने पहुंचे खिलाड़ी व ताइक्वांडो कोच राकेश गुप्ता ने बताया कि बैंकों में कर्मचारियों की ओर से मनमानी की जाती है। इसी के चलते लोगों के आधारकार्ड नहीं बन पा रहे हैं। बच्चों के निवास प्रमाण पत्र तक मांग लिए जाते हैं। इससे लोग डाकघर का ही रुख करते हैं।

तीन-चार दिनों से लगा रहे दौड़
आधारकार्ड बनवाने आए हुजूरपुर निवासी विनय सिंह व उदयराज सिंह ने बताया कि वह आधारकार्ड में संशोधन कराने के लिए कई दिनों से लगातार चक्कर काट रहे हैं। मगर कभी सर्वर की खराबी आ जा रही है, तो कभी केंद्र ही बंद हो जाता है। शहर के काजीपुरा निवासी शिवम सिंह ने बताया कि आधारकार्ड बनवाने के लिए चार दिन से केंद्र का चक्कर काट रहे हैं। कुंडासर कैसरगंज निवासी सलमान ने बताया कि उनको दो दिन हो गए। मगर केंद्र से कार्ड अभी तक नहीं बन सका है। हुजूरपुर निवासी अर्चना सिंह ने बताया कि वह गोद में बच्चे को लेकर भीषण गर्मी में कई दिनों से लगातार आ रही हैं। लेकिन केंद्र के कर्मचारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे।

आधार की वेबसाइट से बढ़तीं दिक्कतें
पोस्टमास्टर वेद कुमार मिश्रा ने बताया कि आधार की वेबसाइट से कुछ दिक्कत आती है। बैंकों में कर्मचारियों की उदासीनता के कारण आधार बनवाने लोग डाकघर ही पहुंच रहे हैं। ऐसे में दिक्कतें हो रही हैं। एलडीएम बलराम साहू ने बताया कि बैंकों में कर्मचारियों को आधार बनाने का निर्देश जारी है। इसके लिए अलग काउंटर बने हुए हैं। अगर इसमें कोई समस्या आ रही है तो इसकी समीक्षा कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें