बहराइच। योगी सरकार द्वारा शुरू की गई फसली ऋण मोचन योजना के तहत पहले चरण में 30700 किसानों को योजना का लाभ दिया जाएगा। कल पुलिस लाइन मैदान से छह हजार किसानों को प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जनपद में एक लाख 19 हजार 151 किसानों को कर्जमाफी योजना के तहत चयनित किया गया है। जिसमें पहले चरण में 30 हजार 700 किसानों की बैंक ऋण के लिए बैंकों को कुल 215 करोड़ 40 लाख 31 हजार रुपये की राशि खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइंस मैदान में पहले चरण के तहत आठ सितंबर को छह हजार किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। जनपद के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। वहीं दूसरे चरण के लिए 88 हजार 451 किसानों के ऋण खातों के आधार लिंक व भूमि सत्यापन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने बताया कि पुलिस लाइंस के मैदान से फसली ऋण मोचन योजना के प्रमाण पत्र वितरण का उद्घाटन प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या करेंगे। इसके बाद तहसीलवार 12 से 18 सितंबर के बीच शिविर लगाकर अन्य किसानों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसकी तैयारियां भी बैंकों ने शुरु कर दी है।