बहराइच। इंदिरा गांधी स्टेडियम में गुरुवार को सिविल सर्विसेज ट्रायल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के खिलाड़ी कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
इनमें से 16 खिलाड़ी कर्मचारी चयनित हुए हैं। जिनका मंडलीय ट्रायल 11 व 12 अगस्त को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, गोंडा में होगा।
इंदिरा गांधी स्टेडियम के जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील कुमार भारती ने बताया कि विभिन्न विभागों में कार्यरत खिलाड़ी कर्मचारियों की प्रतिभा को निखारने के लिए गुरुवार को क्रिकेट, बैटमिंटन, हॉकी, कुश्ती, एथेलेटिक्स, कबड्डी, तैराकी और बॉलीबाल प्रतियोगिताओं का ट्रायल करवाया गया।
जिसमें विभिन्न विभागों के 100 से अधिक कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। क्रीड़ा अधिकारी भारती ने बताया कि क्रिकेेट के लिए शिक्षा विभाग के नवीन कुमार मिश्र, चीनी मिल नानपारा के लिपिक परवेज अख्तर, ब्लॉक तेजवापुर के एनएनएस सरहदी का चयन किया गया है।
बैटमिंटन के लिए पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रमोद कुमार आचार्य, सरयू नहर खंड के जूनियर इंजीनियर गोविंद कल्लोल, बीडीओ चित्तौरा के राजेश कुमार चयनित हुए हैं।
वहीं हॉकी के लिए पीडब्ल्यूडी खंड दो के मोहम्मद आरिफ इदरीशी, अजीम अहमद चयनित हुए हैं। कुश्ती प्रतियोगिता में पीडब्ल्यूडी खंड एक के बंशीलाल का चयन किया गया है। वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला पंचायत कार्यालय के नीरज शुक्ला, संजय कुमार, पुतान सिंह तथा मंजू सिंह का चयन हुआ है।
कबड्डी में विपुल कुमार मिश्र और तैराकी में शिवबाबू निषाद चयनित हुए हैं। बॉलीबाल के लिए खेलकूद कार्यालय के राजकुमार का चयन किया गया है।
क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि 11 व 12 अगस्त को मंडल स्तर पर ट्रायल का आयोजन होगा। वहां दमखम दिखाने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर के लिए चयनित किया जाएगा।
इस मौके पर जिला युवा कल्याण अधिकारी सुशील कुमार मिश्र, वॉलीबाल संघ के प्रेमनाथ तिवारी, पूर्व क्रिकेट प्रशिक्षक जावेदुर्रहमान, जिला सचिव हाकी महफूज रियाज, हैंडबाल प्रशिक्षक मनोज सिंह, एथलेटिक्स के विवेक सिंह, दिनेश सिंह यादव, सुशील राय और श्याम सिंह मौजूद रहे।