बहराइच। श्रम विभाग ने बुधवार को पुलिस व स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर 12 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विश्वदेव भारती व अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि बालश्रम मुक्तिकरण अभियान के तहत बुधवार को शहर के छावनी बाजार, सिविल लाइन, चौक बाजार, पानी टंकी क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर 12 बाल श्रमिकों को मुक्त कराए गए।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि सभी बाल श्रमिकों को न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें परिवारीजनों के सुपुर्द करने की कवायद शुरू की गई है। अभियान के दौरान तकनीकी रिसोर्स पर्सन सतेंद्र पांडेय ने बताया कि नया सवेरा योजना के तहत विद्यालयों में सभी बच्चों का नामांकन कराया जाएगा। विशेष किशोर पुलिस इकाई से सोमेंद्र गुप्ता, अंजली पटेल, प्रथम संस्था की नोडल रिया सिंह, समन्वयक राकेश चौबे, आनंद वर्मा और इमरान मौजूद रहे। ब्यूरो