बहराइच। डिहवा गांव निवासी एक युवक तीन वर्ष पूर्व नौकरी करने मुंबई गया था। मगर वहां से लौटते समय वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। बुधवार को एकाएक युवक घर पहुंचा तो मां-बाप के चेहरे खिल उठे। परिवार में जश्न जैसा माहौल रहा।
रिसिया थाना अंतर्गत डिहवा गांव निवासी जमाल अहमद का 21 वर्षीय पुत्र शमशुद्दीन तीन वर्ष पूर्व नौकरी करने मुंबई गया था। शमशुद्दीन मंदबुद्धि का था।
जमाल ने बताया कि जाते समय गांव के और लोग भी साथ में थे। मगर शमशुद्दीन नौकरी करने के बाद मुंबई से वापस अकेले ही घर के लिए निकल पड़ा। मगर गांव नहीं पहुंचा।
काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। पिता ने कहा कि मंदबुद्धि होने के चलते परिवार के लोगों ने आस छोड़ दी थी। मगर बुधवार सुबह अचानक शमशुद्दीन घर पहुंचा तो लगा कि सौगात मिल गई है।