फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अगवा कर मासूम की हत्या डस्टबिन में मिली लाश

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। जरवल के चौक मोहल्ले में घर के बाहर खेल रहे व्यवसायी के पुत्र का मंगलवार दोपहर कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। देर शाम तक बालक के न मिलने पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन



इस बीच बुधवार सुबह कस्बे में एक खंडहर के पास डस्टबिन में बालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


बालक के शरीर पर चोटों के निशान हैं। जिससे लग रहा है कि उसे यातना देकर मारा गया है। पुलिस अधीक्षक ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति जांची। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
विज्ञापन



जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला चौक निवासी विवेक कुमार गुप्ता किराना व्यवसायी हैं। उनका छह वर्षीय पुत्र आर्य कुमार उर्फ शिवाजी मंगलवार दोपहर एक बजे घर के बाहर खेल रहा था।


तभी वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। काफी देर तक आर्य को घर में न देखकर खोजबीन शुरू हुई, मगर देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।


विवेक के दुकान से लौटने पर परिवारीजनों ने आर्य के लापता होने की बात बताई तो उन्होंने हितमित्रों और रिश्तेदारों से पूछताछ की। कुछ पता नहीं चलने पर विवेक ने रात में ही जरवलरोड थाने में बेटे के लापता होने की सूचना दी।


विवेक ने कुछ लोगों से दुश्मनी होने की बात कहते हुए बेटे के अपहरण की भी आशंका जताई। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की, मगर पूरी रात आर्य का पता नहीं चल सका।


बुधवार सुबह सात बजे के आसपास जब नगर पंचायत के सफाई कर्मी मोहल्लों में साफ-सफाई कर रहे थे। तभी डस्टबिन में बच्चे की लाश देखकर सभी सकते में आ गए।


सूचना पाकर परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। लोगों की सूचना पर जरवलरोड थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


दोपहर में पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, सीओ कैसरगंज त्रिवेणी प्रसाद द्विवेदी भी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया।


एसपी ने बताया कि परिवार के लोगों से बातचीत के दौरान कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी का पता चला है। उसी के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर केस को नामजद में तरमीम किया जाएगा।


जरवल कस्बा निवासी विवेक गुप्ता के चार संतानें थीं। जिनमें तीन पुत्रियां कलश, वैष्णवी व वेदिका और इकलौता पुत्र आर्य कुमार उर्फ शिवाजी था। आर्य की मौत से विवेक के घर में कोहराम मचा है। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मां-बाप पछाड़े खा-खाकर गिर रहे हैं। रिश्तेदार व आसपास के लोग भी मासूम आर्य की हत्या से गमगीन हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कई बार विवेक को खुद संभालते हुए ढांढस बंधाने की कोशिश की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें