पयागपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से रविवार देर शाम तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह देर रात किशोरी घर पहुंची और परिवारीजनों को आप बीती बताई। इस मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय लड़की रविवार देर शाम क्षेत्र के बाजार में सामान लेने गई थी। लौटते समय अंधेरा हो गया। इसी दौरान गांव के पास बाग से गुजरते समय किशोरी को तीन युवकों ने पकड़ लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह युवकों के चंगुल से छूटकर किशोरी घर पहुंची।
उसने आरोपी शिवा व छोटू की पहचान करते हुए परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। यह भी कहा कि एक अज्ञात युवक को वह नहीं पहचान सकी है। परिवारीजनों ने रात में ही पुलिस को मामले से अवगत कराया। प्रभारी थानाध्यक्ष पारस प्रसाद ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।