पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर में स्थित भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड केंद्र का विद्युत बिल 5.74 लाख रुपये बकाया हो गया। कई बार नोटिस के बाद भी विद्युत बिल नहीं जमा किया गया। इससे पावर कॉर्पोरेशन ने सप्लाई काट दी। कनेक्शन काटे जाने से दूरसंचार केंद्र का संचालन बंद हो गया है। इससे उपभोक्ता नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं। सात दिनों से पयागपुर क्षेत्र के सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप है।
पयागपुर में भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड का केंद्र स्थापित है। इस केंद्र का संचालन बिजली से होता है। लेकिन केंद्र के कर्मचारियों ने कई वर्षों से विद्युत बिल नहीं जमा किया। जिससे केंद्र का बिजली बिल मई तक पांच लाख 74 हजार 46 रुपये हो गया। इस पर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ने रिपोर्ट एक्सईएन को भेजी।
एक्सईएन के निर्देश पर दूरसंचार केंद्र का बिजली कनेक्शन सात दिन पूर्व काट दिया गया। बिजली कटने से दूरसंचार का संचालन भी ठप हो गया। विभाग द्वारा डीजल न दिए जाने से दूरसंचार का संचालन नहीं हो पा रहा है। दूरसंचार का संचालन न होने से उपभोक्ताओं को नेटवर्क नहीं मिल पा रहा है। सात दिन से पयागपुर क्षेत्र के उपभोक्ता नेटवर्क की समस्या को लेकर परेशान हैं।
इतना ही नहीं नेटवर्क न होने से सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के कामकाज ठप हैं। सभी ने कई बार इसकी शिकायत बीएसएनएल के अधिकारियों से की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। इस मामले में बीएसएनएल के टीडीएम लालाराम सोनी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दूरसंचार केंद्र का संचालन बंद होने की जानकारी अब हुई है। केंद्र पर तैनात टेक्नीशियन से रिपोर्ट तलब कर डीजल की व्यवस्था कराई जा रही है। जल्द ही केंद्र का संचालन शुरू किया जाएगा।
आप दे दो डीजल, संचालित हो जाएगा केंद्र
पयागपुर में नेटवर्क की समस्या से आम आदमी से लेकर कर्मचारी भी परेशान हैं। पयागपुर में स्टेट बैंक में तैनात कर्मचारी ने दूरसंचार के टेक्नीशियन से फोन कर मशीन संचालन न होने की बात कही तो टेक्नीशियन ने कहा कि आप डीजल उपलब्ध करा दो, मशीन का संचालन शुरू हो जाएगा और उसने फोन काट दिया।