बहराइच। लोकसभा चुनाव निपटने के बाद उसमें बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को रविवार को पुलिस अधीक्षक की ओर से सम्मानित किया गया है। एसपी ने 46 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहनीय कार्य पर बधाई दी है।
लोकसभा चुनाव के लिए जनपद में 10 मार्च से अधिसूचना लागू कर दी गई थी। आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस प्रशासन लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने की कवायद में जुट गया था। 23 मई को मतगणना के साथ ही चुनावी सरगर्मी समाप्त हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
एसपी ने रामगांव थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, देहात कोतवाल अशोक सिंह, दरगाह एसओ प्रेमप्रकाश पांडेय समेत 46 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान चुनाव निपटाने में आ रही कठिनाइयों व उनके अनुभवों को भी साझा किया गया। इस मौके पर एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह, सीओ नानपारा अरुण चंद्र, सीओ कैसरगंज टीपी द्विवेदी, सीओ सिटी त्रियंबकनाथ दूबे, सीओ पयागपुर नरेश सिंह आदि मौजूद रहे।