बहराइच। सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर चल रहे जेठ मेले की पहली चौथी रविवार को है। इसके लिए जायरीन का रेला फिर उमड़ने लगा है। विभिन्न जनपदों के जायरीन जत्थों में चित्तौरा झील के तट पर फिर पहुंचने लगे हैं। झील के तट से जायरीन गाजी की शान में कसीदे पढ़ते हुए दरगाह शरीफ में मजार शरीफ पर हाजिरी लगा रहे हैं। पहली चौथी के लिए मेला प्रशासन भी बेहतर इंतजाम का दावा कर रहा है।
सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर जेठ मेले की पहली चौथी रविवार को है। इसके लिए दरगाह प्रबंध समिति ने व्यवस्थाएं चौकस कर ली हैं। जायरीन भी पहली चौथी में शामिल होने के लिए दस्तक देने लगे हैं। आजमगढ़, बिहार के सीवान, पटना, रांची, दिल्ली, राजस्थान, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बस्ती से भी जायरीन का रेला बहराइच पहुंचने लगा है।
चित्तौरा झील के तट पर जायरीन डेरा डाले हुए हैं। यहां पर परंपरागत तरीके से स्नान व पूजा अर्चना कर निशान हाथों में लेकर जायरीन हठीले होते हुए गाजी की दरगाह पर पहुंचकर हाजिरी लगा रहे हैं। गाजी की शान में कसीदे पढ़ते हुए जायरीन चादर लेकर मजार शरीफ पर पहुंच रहे हैं। मेला परिसर में भीड़ फिर बढ़ने लगी है। प्रबंध समिति के अध्यक्ष शमशाद अहमद ने बताया कि पहली चौथी के लिए बिजली, पानी की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गईं हैं। साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मी चौबीस घंटे निगरानी कर रहे हैं।
मेले में जमकर हो रही खरीददारी
सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर चल रहे जेठ में सजी दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। मेले में आने वाले जायरीनों का हुजूम दुकानों और मनोरंजन स्थलों पर उमड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं और बच्चों का उत्साह देखने लायक है।