चित्तौरा (बहराइच)। महाराजा सुहेलदेव सेवा समिति के तत्वावधान में चित्तौरा झील के तट पर आयोजित सुहेलदेव विजयोत्सव कार्यक्रम का रविवार को समापन हो गया। पूजन-अर्चन के साथ पुष्प वर्षा करते हुए लोगोें ने महाराजा सुहेलदेव की वीरता से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
चित्तौरा झील स्थित सुहेलदेव स्मारक स्थल पर पांच दिवसीय विजयोत्सव कार्यक्रम चल रहा था, जिसका समापन रविवार को हुआ। इस मौके पर आयोजित सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख राजकिशोर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने राष्ट्र रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया था। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज के कार्य के लिए सभी को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। स्वामी विष्णुदेवाचार्य ने कहा कि समाज को जोड़ने के लिए तमाम लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हम सभी को ऐसे वीर शिरोमणि के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। सभा को समिति के सचिव अर्जुन कुमार दिलीप, संरक्षक पंडित हनुमान प्रसाद शर्मा, जिला संघ चालक कृष्णानंद शुक्ला, हरीशचंद्र गुप्ता, प्रेमप्रकाश, भारत शुक्ला आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर आरएसएस के प्रांत सह संपर्क प्रमुख हनुमान प्रसाद यादव, शंकर बख्श सिंह, श्रवण द्विवेदी, भूपेंद्र सिंह, रमेश पाठक, अतुल गौड़, पेशकार यादव आदि मौजूद रहे।