बहराइच। बहराइच संसदीय सीट की मतगणना में पूरे दिन उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मटेरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को सपा से मामूली शिकस्त का सामना करना पड़ा। जबकि महसी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 58 हजार मतों से बढ़त हासिल कर प्रतिद्वंद्वी पार्टी सपा को भाजपा ने पटखनी दी।
लोकसभा संसदीय सीट बहराइच पर इस बार 1713390 मतदाता नामांकित थे। लेकिन 57.3 फीसदी मतदाताओं ने ही मताधिकार का प्रयोग किया था। गुरुवार सुबह गल्लामंडी स्थित मतगणना स्थल पर जब मतों की गिनती शुरू हुई तो अप्रत्याशित परिणाम सामने आए। शुरुआत बलहा विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम से हुई।
बलहा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अक्षयवरलाल गोंड को 117080 मत मिले। वहीं सपा प्रत्याशी शब्बीर अहमद वाल्मीकि को 81606 मतों से संतोष करना पड़ा। इसके बाद मटेरा विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी ने 87270 मत हासिल कर भाजपा को पछाड़ दिया। यहां भाजपा प्रत्याशी को 83977 मतों से संतोष करना पड़ा। मामूली 3293 मतों का अंतर आया। हालांकि इसके बाद भाजपा प्रत्याशी को सभी विधानसभा क्षेत्रों में जमकर वोट मिले।
बहराइच सदर में भाजपा और सपा के बीच 15766 मतों का अंतर रहा। सपा दूसरे नंबर पर रही। नानपारा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी को 98752 मत हासिल हुए। यहां सपा को 77012 वोट ही मिल सके। महसी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 121929 मत हासिल कर भाजपा ने 58982 बढ़त हासिल की। यहां पर सपा प्रत्याशी को 62947 मत ही हासिल हुए।
विधान सभावार प्रत्याशियों के वोटों की स्थिति
बहराइच सदर
पार्टी का नाम हासिल मत
भाजपा 103774
सपा 88008
कांग्रेस 12698
नानपारा विधानसभा
भाजपा 98752
सपा 77012
कांग्रेस 5405
मटेरा विधानसभा
भाजपा 83977
सपा 87270
कांग्रेस 9380
बलहा विस
भाजपा 117080
सपा 81606
कांग्रेस 3905
महसी विधानसभा
भाजपा 121929
सपा 62947
कांग्रेस 2995