रोडवेज प्रशासन की ओर से दरगाह मेले में जायरीन को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पांच सौ अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। परिवहन निगम प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर निगम मुख्यालय को एक सप्ताह पूर्व भेज दिया था जिसे हरी झंडी मिल गई है।
दरगाह का जेठ मेला गुरुवार से प्रारंभ हो रहा है जबकि मुख्य मेला 26 मई को होगा। जनपद के जेठ मेले में प्रतिवर्ष दूरदराज जनपदों से लाखों जायरीन आते हैं। रोडवेज प्रशासन का मानना है कि प्रत्येक वर्ष निगम को दरगाह मेले में आने वाले अकीदतमंदों से काफी आमदनी होती रहती है।
इसलिए निगम प्रशासन ने जायरीन को मेले के दौरान कोई परेशानी न उठानी न पड़े इसके लिए तैयारीे मुकम्मल कर ली है। मालूम हो कि मौजूदा समय रोडवेज बस अड्डे से 119 बसों को विभिन्न मार्गों पर संचालित किया जा रहा है। मेले में लाखों जायरीन की आमद को देखते हुये रोडवेज बसअड्डे से संचालित बसें पर्याप्त नहीं हैं।
इसलिए निगम प्रशासन ने पांच सौ अतिरिक्त बसों के संचालन की कार्ययोजना बनाई थी। क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभाकर मिश्रा ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए बताया कि रोडवेज प्रशासन के प्रस्ताव को निगम मुख्यालय ने हरी झंडी दे दी है। इन अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य मेला रविवार को है। उसी दिन से बसें संचालित होंगी।
देवीपाटन मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि दरगाह मेले के दौरान देवीपाटन मंडल परिक्षेत्र, गोरखपुर परिक्षेत्र, प्रयागराज परिक्षेत्र, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी परिक्षेत्र के लिए कुल 500 अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। एआरएम मोहम्मद इरफान ने बताया कि जेठ मेले में पांच सौ अतिरिक्त बसों का संचालन कराने की अनुमति मिल गई है। रविवार को मुख्य मेले के दिन से बसें संचालित होंगी।