जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में बुधवार को बुखार से पीड़ित एक मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि बुखार व डायरिया से ग्रसित 18 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तराई में निकल रही तेज धूप और गर्मी से सबसे अधिक मासूम परेशान हैं। मासूम तेज बुखार व अन्य बीमारियों से ग्रसित होकर जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना अंतर्गत मटकोनवा गांव निवासी संध्या (डेढ़ वर्ष) पुत्री पवन कुमार को बुखार की शिकायत हुई।
परिवारीजन संयुक्त जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से मासूम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम मासूम की सांस थम गई। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए।
उधर बुखार व डायरिया से पीड़ित 18 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें चार रोगियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, इलाज के बाद भी सेहत में सुधार नहीं हो सका।