हरदी (बहराइच)। खम्हरिया शुक्ला गांव में पांच दिनों से डायरिया फैला हुआ है। सूचना के बाद भी चिकित्साधिकारी गांव नहीं पहुंचे हैं। बच्चों से बुजुर्ग तक बीमार हैं। पांच दिन पूर्व एक अधेड़ की डायरिया से मौत भी हो चुकी है। गांव के 15 लोग डायरिया की चपेट में हैं।
महसी तहसील के खम्हरिया शुक्ल गांव में छह दिनों से डायरिया फैला हुआ है। ग्रामीणों ने डायरिया फैले होने की सूचना महसी स्वास्थ्य केंद्र पर दी। लेकिन कोई भी चिकित्सीय टीम गांव नहीं पहुंची। जिससे डायरिया पीड़ितों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है।
गांव के लोगों ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक के साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मी को सूचना दी गई। लेकिन सभी अंजान बने हुए हैं।
डायरिया की चपेट में आने से गांव निवासी रामकली (65), कुंता (60), रेखा (7), शंकरसरन (65), अमन (5), रमजान (40), गया प्रसाद (50), रामावती (48), ज्योति (30), निर्मला (28), रामसेवक (40), प्रभु दयाल (68), कमलाकांत (40), बुद्धिसागर (32) समेत 15 लोग डायरिया की चपेट में हैं। छोटे बच्चों व बुजुर्गों की हालत गंभीर है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि डायरिया फैलने की जानकारी उन्हें नहीं थी। चिकित्सीय टीम गांव भेजकर पीड़ितों का इलाज कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया जाएगा।
वृद्ध की हो चुकी मौत
ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी सियाराम (55) डायरिया से पीड़ित थे। उन्हें लूजमोशन के साथ पेट दर्द की शिकायत थी। इलाज न मिलने से उन्होंने मंगलवार को दम तोड़ दिया।