बहराइच। निकाय चुनाव में नगरपालिका परिषद क्षेत्र में आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निर्वाचन उड़ाका दल ने पड़ताल की तो बहराइच और नानपारा नगर पालिका परिषद के 20 प्रत्याशियों के आचार संहिता उल्लंघन के मामले सामने आए हैं। इन सभी को तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी कर दी गई है। इनके चुनाव प्रचार के पंफलेट और बैनर मेें मुद्रक और प्रकाशक के नाम नहीं है। जहां पर प्रचार सामग्री चस्पा की गई, वहां का नोड्यूज भी नहीं लगा है। ऐसे में सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण न देने पर इनकी प्रत्याशिता रद्द करने का भी निर्णय लिया जा सकता है। इस कदम से हड़कंप मचा हुआ है।
जिले में दूसरे चरण के तहत 26 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए बहराइच व नानपारा नगर पालिका परिषद में 39 प्रत्याशी चेयरमैन पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। जबकि सभासद पद के लिए 472 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। इनमें आधे से अधिक निर्दलीय उम्मीदवार हैं। मतदान में सिर्फ तीन दिन शेष है। ऐसे में चुनाव प्रचार तेज है। हर कोई प्रत्याशी मतदाता को रिझाने की कोशिश में जुटा है। इस बीच आचार संहिता उल्लंघन के मामले भी बढ़ गए हैं। बहराइच और नानपारा नगर पालिका परिषद में चेयरमैन पद के प्रत्याशियों की ओर से जो बैनर, पोस्टर व पंफलेट चस्पा किए जा रहे हैं। उनमें मुद्रक और प्रकाशक का नाम नदारद है। स्थिति यह है कि जिन लोगों के मकानों की दीवार व दरवाजों पर पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं। उनसे नोड्यूज तक नहीं लिया जा रहा है। अइस मामले में मोहल्लेवासी शिकायत भी कर रहे हैं। इसके चलते बहर ाइच नगर पालिका परिषद में चेयरमैन पद के 14 और नानपारा नगर पालिका परिषद में चेयरमैन पद के छह प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर दी गई है। तीन दिन में स्पस्टीकरण मांगा गया है। बहराइच के निर्वाचन अधिकारी नागेंद्र कुमार व नानपारा में निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले सभी प्रत्याशियों को चिन्हित करते हुए उन्हें नोटिस जारी कर दी है। तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। दोनों निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि स्पष्टीकरण न देने या संतोष जनक जवाब न मिलने पर रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। प्रत्याशियों की प्रत्याशिता भी रद्द की जा सकती है। इस कदम के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
निकाय चुनाव में उम्मीदवारों की स्थिति
निकाय क्षेत्र चेयरमैन प्रत्याशी सभासद प्रत्याशी
बहराइच नपाप 14 240
नानपारा नपाप 10 121
रिसिया नगर पंचायत 06 56
जरवल नगर पंचायत 09 55
इन प्रत्याशियों को जारी हुआ नोटिस
बहराइच नपाप- रुबीना रेहान-निर्दलीय, प्रवर्ती जोशी-सपा, अलका महफूज-कांग्रेस, मोहसिना-बसपा, नूरा तरन्नुम-एआईएमआईएम, ममता गुप्ता-भाजपा, संतोष रस्तोगी-आप व निर्दलीय प्रत्याशियों में तारा देवी, गुड़िया पाठक, शाहजहां, सबा, रिजवाना व कंचन सिंह शिवसेना।
नानपारा नपाप- अशोक जायसवाल-भाजपा, अब्दुल वहीद-सपा, मुईद राजू-कांग्रेस, शकील अंसारी-एआईएमआईएम व निर्दलीय प्रत्याशियों में कासिम अंसारी तथा हाजी इलियास।