बहराइच। विभिन्न जनपदों में पीईटी परीक्षा का आयोजन आगामी 25 व 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को किया जा रहा है। जिला मुख्यालय के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र शाहजहांपुर में बनाए गए हैं, लेकिन परिवहन निगम द्वारा शाहजहांपुर के लिए बसों का नियमित संचालन नहीं किया जाता है। परीक्षार्थियों की इस समस्या को देखते हुए निगम परीक्षा की तिथियों में शाहजहांपुर के लिए विशेष बसों का संचालन करेगा।
पीईटी परीक्षा के अंतर्गत बहराइच जनपद के परीक्षार्थियों के लिए शाहजहांपुर में परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। परिवहन निगम द्वारा जिला मुख्यालय से शाहजहांपुर मार्ग के लिए सीधी बसों का संचालन नहीं किया जाता है।
जिला मुख्यालय से शाहजहांपुर की दूरी लगभग 192 किलोमीटर है। अभी तक शाहजहांपुर जाने वाले यात्रियों को लखनऊ होकर यात्रा करनी पड़ती है। इसके अलावा, यात्री बहराइच से 102 किलोमीटर दूर सीतापुर जाकर वहां से बस व टैक्सी के माध्यम से शाहजहांपुर पहुंचते हैं।
पीईटी में परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा आगामी 24, 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को बहराइच व शाहजहांपुर के बीच 15 विशेष बसें संचालित की जाएंगी, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। परिवहन निगम ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा बसों की संख्या तय करने के साथ ही उन पर चालकों और परिचालकों की नियुक्ति भी कर दी है।
परीक्षार्थियों को मिलेगी सुविधा
परिवहन निगम द्वारा पीईटी परीक्षा के अभ्यर्थियों को सुविधा प्रदान करने के इस निर्णय से उनके समय और धन दोनों की बचत होगी, जिससे वे पूरी तरह अपनी परीक्षा पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
ज्ञान चंद, एआरएम, बहराइच।