बहराइच। दीवानी न्यायालय सभागार में शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की बैठक हुई। इसमें अधिवक्ता अखिलेश कुमार त्रिपाठी को कार से टक्कर मारने के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर रोष जताया गया। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव से मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
बैठक में संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि अधिवक्ता अखिलेश कुमार त्रिपाठी को टक्कर मारने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे अधिवक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
गौरतलब है कि बुधवार को बहराइच-गोंडा मार्ग पर चित्तौरा क्षेत्र में चार पहिया वाहन ने अधिवक्ता अखिलेश त्रिपाठी को टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत गंभीर होने पर बृहस्पतिवार को उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया था। गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं ने उसी दिन कचहरी में प्रदर्शन भी किया था।
बैठक में संघ के महामंत्री शैलेंद्र सिंह, आलोक पाठक, अमित शुक्ला, परम प्रकाश पांडे, दिनेश त्रिपाठी, बृजनंदन पांडे नीलू, बाबूराम तिवारी, विकास मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, रमन सिंह, पंकज मिश्रा और आमिर खान समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।