हरदी थाना क्षेत्र के गरेठी गुरुदत्तसिंहपुरवा गांव में तटबंध के नीचे बनाई गई सुरंग।
- फोटो : BAHRAICH
राजीचौराहा (बहराइच)। गरेठी गुरुदत्तसिंहपुरवा-हिंदूपुरवा संपर्क मार्ग पर बेलहा-बेहरौली तटबंध के नीचे से शरारती तत्वों ने बुधवार रात 15 फीट लंबी सुरंग बना दी। सुबह एक ग्रामीण ने खेत जाते समय सुरंग देखी तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरंग किन लोगों नेे खोदी और क्यों, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। सुरंग देखकर लोगों में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
महसी तहसील बाढ़ व कटान प्रभावित क्षेत्र है। तहसील के लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए बेलहा-बेहरौली तटबंध बनाया गया है। तटबंध के ऊपर से ही गरेठी गुरुदत्तसिंह-हिंदूपुरवा संपर्क संचालित है। इस मार्ग के नीचे तटबंध के दक्षिण दिशा में संजय सिंह के खेत के सामने कुछ लोगों ने रात में सुरंग बना दी। सुरंग 15 फीट लंबाई और तीन फीट चौड़ाई की है। सुरंग के अंदर भी दायें और बायें दो रास्ते बनाए गए हैं। खेत मालिक ने सुरंग बनने की सूचना पुलिस व ग्रामीणों को दी।
काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक सुरंग किसने और क्यों बनाई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। प्रभारी निरीक्षक शिवानंद प्रसाद ने बताया कि सुरंग बनने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं सुरंग बनने के मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में दहशत है। लोग तरह-तरह की बात आपस में कर रहे हैं।