प्रेमिका ने प्रेमी को सरे बाजार चप्पल से पीटा
- कुछ दिन पूर्व घुमाने ले गया था मुंबई, समुद्र किनारे छोड़ लौट आया था गांव
- जैसे-तैसे गांव लौटी प्रेमिका ने चौक में सामना होते ही प्रेमी को दबोच लिया
नवाबगंज (बहराइच)। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को उसका प्रेमी घुमाने के लिए मुंबई ले गया। फिर वहां समुद्र के किनारे छोड़कर भाग निकला। प्रेमी गांव लौट आया। जैसे-तैसे प्रेमिका भी गांव लौट आई। मंगलवार दोपहर नवाबगंज के चौक बाजार में प्रेमी मिल गया तो प्रेमिका ने वहीं पर उसके चप्पलों से जमकर धुनाई की। प्रेमी कड़ी मुश्किल से जान बचाकर भाग निकला। मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 18 वर्षीय युवती से सत्तीजोर गांव निवासी युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। सप्ताह भर पूर्व युवक ने प्रेमिका को शादी का झांसा दिया और घुमाने के लिए मुंबई लेकर चला गया। जहां समुद्र के किनारे टहलने के दौरान प्रेमी ने प्रेमिका से भेलपूरी लेने जाने की बात कही और उसे छोड़कर भाग गया। इसके बाद प्रेमी गांव लौट आया। प्रेमिका भी जैसे-तैसे भटकते हुए चार दिन पहले गांव पहुंची। मंगलवार दोपहर नवाबगंज के चौक घंटाघर बाजार में प्रेमी और प्रेमिका का आमना-सामना हुआ। इस पर प्रेमिका ने झपटकर प्रेमी का कॉलर पकड़ा और चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। सरे बाजार उसे चप्पल से जमकर पीटा। ये देख वहां भीड़ लग गई। इसी बीच प्रेमिका के चंगुल से छूटकर युवक भाग गया। इस मामले में प्रेमिका ने थाने पर तहरीर दी है, मगर पुलिस ने अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।