440 शिकायतें आईं, निपटीं मात्र 53
तहसील दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
बहराइच। जनपद की छह तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 440 प्रार्थना पत्र आए। मगर मौके पर सिर्फ 53 प्रार्थनापत्रों का ही निस्तारण किया जा सका।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए तहसील मोतीपुर में जिलाधिकारी अजयदीप सिंह की अध्यक्षता में विकास खंड मिहींपुरवा मुख्यालय के सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में डीएम अजयदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार व उप जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 75 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें मौके पर 10 निस्तारित कर दिए गए। इस अवसर पर सीओ नानपारा सुरेंद्र कुमार यादव, पीडी रजत यादव, सीवीओ डॉ. बलवंत सिंह, डीसी मनरेगा वीरेंद्र सिंह, उप निदेशक कृषि अनिल कुमार सागर, तहसीलदार न्यायिक सोहन लाल आदि अधिकारी मौजूद रहे। उधर, तहसील पयागपुर में एसडीएम गुलाम सरवर की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। जिसमें 74 में से 12 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां पर पुलिस उप महानिरीक्षक देवीपाटन मंडल गोंडा अनिल कुमार राय ने पहुंचकर समस्याएं सुनीं। तहसील सदर में उप जिलाधिकारी गौरांग राठी आईएएस की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में आईं 41 शिकायतों में से आठ, महसी में एसडीएम नागेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 56 में से 6, तहसील कैसरगंज में उप जिलाधिकारी पंकज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील समाधान दिवस में आए 159 प्रार्थना पत्रों में से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके अलावा नानपारा में एसडीएम एसपी शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 35 में से पांच प्रार्थना पत्र निस्तारित किए गए।
इंसेट
बीमार को दिया चेक
तहसील समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अजय दीप सिंह व पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना ने बलहा ब्लॉक के सरैया निवासी दिव्यांग फूलचंद पुत्र गोबरे को ट्राई साइकिल तथा मोतीपुर निवासी रईस को बीमारी के उपचार के लिए 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।