कैसरगंज (बहराइच)। गंडारा बाग में स्थित खेल मैदान में गंडारा प्रीमियर लीग का फाइनल मैच शील्ड गंडारा व अवेंजर्स गंडारा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें शील्ड गंडारा की टीम ने अवेंजर्स गंडारा की टीम को नौ विकेट से हराकर फाइनल मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इसके बाद विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कैसरगंज के गंडारा में स्थित खेल मैदान में गंडारा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन चल रहा था। टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार को अवेंजर्स गंडारा व शील्ड गंडारा टीम के बीच खेला गया। अवेंजर्स गंडारा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अवेंजर्स गंडारा की टीम 14 ओवर में 95 रन बनाकर आल आउट हो गई।
टीम की ओर से खिलाड़ी हीरो ने शानदार 44 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शील्ड गंडारा की टीम ने बल्लेबाज रजा खान और मुजीब की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत यह मैच सात ओवर में ही जीत लिया। मुजीब ने शानदार 40 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुजीब और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अखिलेंद्र प्रताप सिंह को मिला।
इस टूर्नामेंट में अंपायर की भूमिका आलम सिद्दीकी और शकील खान तथा कमेंटेटर के रूप में कैफ खान मौजूद रहे। स्कोरर की भूमिका शादाब अंसारी ने निभाई। गंडारा प्रीमियर लीग के चेयरमैन गौस खान ने बताया कि विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया गया।