उर्रा (बहराइच)। उर्रा बाजार गांव निवासी एक ग्रामीण के यहां रविवार सुबह साढ़े दस बजे महिलाएं खाना बना रही थीं। इसी दौरान धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। आग बुझाते समय युवक झुलस गया। आननफानन उसे सीएचसी ले जाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लगभग 50 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत उर्रा बाजार निवासी रामलाल गुप्ता की बहू रविवार सुबह 10:30 बजे के आसपास रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। जिससे आग लग गई। खाना बना रही महिला बाहर भागी। रामलाल के पुत्र विवेक (20) आग बुझाने के चक्कर में गंभीर रूप से झुलस गया। आग पर आधे घंटे बाद काबू पाया गया। परिवारीजन विवेक को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां पर हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। अग्निकांड में लगभग 50 हजार से अधिक का नुकसान हुआ है। परिवारीजनों ने अभी तक इस मामले में थाने पर तहरीर नहीं दी है। वहीं गैस सिलेंडर फटने से आसपास के मकानों तक धमाके की आवाज गई।