बहराइच। शहर के महिला महाविद्यालय में सोमवार को महसी की पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर ने पहुंचकर छात्राओं से संवाद स्थापित किया। कहा कि मुसीबत के समय में 1090 डायल करें। तत्काल पुलिस की मदद मिलेगी। डरने की जरूरत नहीं है। घरेलू हिंसा और सड़क पर छेड़छाड़ करने वालों का डटकर मुकाबला करें।
शहर के महिला महाविद्यालय परिसर में सोमवार को महिला सुरक्षा और संरक्षा विषय पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि की पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर रहीं। महाविद्यालय में उन्होंने छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनका परिचय प्राप्त किया। बातचीत के दौरान छात्राओं की मन:स्थिति को भी परखा। इसके बाद सीओ श्रेष्ठा ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में घर से निकलने के बाद महिलाओं को तरह-तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। 90 फीसदी मामलों में महिलाएं और युवतियां बेइज्जती के डर से चुप्पी साध लेती हैं। ऐसे में तत्काल 1090 डायल करें। पुलिस की मदद मिलेगी। कहा कि एंटी रोमियो टीम भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए है। इस मौके पर घरेलू हिंसा से निपटने और उसके समाधान के उपाय भी सुझाए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने उनसे संवाद स्थापित कर अपनी समस्याएं बताईं जिसका सीओ श्रेष्ठा ने मौके पर ही निराकरण किया। इस मौके पर प्राचार्या मोहिनी गोयल, एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा खन्ना ने भी छात्राओं को संबोधित किया।