बहराइच। रेहुआ मंसूर गांव निवासी एक ग्रामीण नित्यक्रिया के लिए सुबह खेत को गया था। लेकिन वापस नहीं लौटा। खोजबीन शुरू हुई तो दोपहर बाद उसका शव एक ग्रामीण के खेत में लगी कटीले तारों की बाड़ से उलझा हुआ मिला। परिवारीजनों का कहना है कि करंट लगाकर ग्रामीण की हत्या की गई है। वहीं पुलिस के मुताबिक बाड़ में दौड़ रहे करंटकी चपेट में आकर ग्रामीण ने दम तोड़ा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस व्यक्ति के खेत में शव मिला है। उससे मृतक की रंजिश चल रही थी।
रामगांव थाना अंतर्गत रेहुआ मंसूर गांव निवासी पंचदेव अवस्थी (45) पुत्र देवी प्रसाद अवस्थी का जमीनी विवाद गांव निवासी धनंजय शुक्ला से चल रहा था। धनंजय से तीन दिन पूर्व पंचदेव का विवाद हुआ था। जिसमें देख लेने की धमकी दी गई थी। सोमवार सुबह पंचदेव नित्यक्रिया के लिए घर से निकला। लेकिन काफी देर तक नहीं लौटेा। परिवारीजनों को चिंता हुई तो खोजबीन शुरू की गई। दोपहर बाद पंचदेव का शव आधा किलोमीटर की दूरी पर धनंजय के खेत में लगे कटीले तारों के बाड़ से उलझा हुआ मिला। इस पर परिवारीजन बिलख उठे। मृतक पंचदेव के भांजे अजय मिश्रा का कहना है कि रंजिश के चलते धनंजय व उसके परिवार के लोगों ने करंट लगाकर मामा की हत्या की है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष एसके सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। मवेशियों से फसलों की सुरक्षा के लिए कटीले तारो में करंट दौड़ाया गया था। उसी की चपेट में आकर पंचदेव की मौत हुई है। फिलहाल परिवारीजनों ने आरोप लगाया है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।