बहराइच। जिला अस्पताल में मंगलवार को बुखार से एक बालिका की मौत हो गई। बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित 16 रोगी और भर्ती हुए हैं। इनमें चार की हालत नाजुक है।
तराई में बदल रहा मौसम मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। प्रतिदिन कोई न कोई रोगी इलाज के दौरान दम तोड़ रहा है।
श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना अंतर्गत तुरहनी गांव निवासी वंदना (6) पुत्र रामनरेश को तेज बुखार की शिकायत पर संयुक्त जिला अस्पताल से बहराइच रेफर किया गया था।
वहां चिकित्सक इलाज कर रहे थे। दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर, बुखार व डायरिया से पीड़ित 16 रोगी भर्ती हुए हैं।
इनमें रजिया (3), खुशबू (3.5), अंकुर (2) समेत चार की हालत गंभीर है। सभी को चिल्ड्रेन वार्ड के पीआईसीयू में शिफ्ट किया गया है।