बहराइच। मिहींपुरवा कस्बे में सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए आर्मी भवन का निर्माण होगा। इसके लिए स्वर्गीय पूर्व कर्नल एमपी सिंह की पत्नी ने लगभग एक एकड़ जमीन कल्याण समिति को आर्मी भवन के लिए दान की है।
इस मामले में सोमवार को मिहींपुरवा के जरही स्थित जवान राजेंद्र सिंह के आवास पर सेवानिवृत्त सैनिकों की बैठक हुई। इसमें आर्मी भवन निर्माण की रूपरेखा तय की गई। इस मौके पर स्वर्गीय पूर्व कर्नल को भी श्रद्धांजलि दी गई।
मिहींपुरवा के जरही स्थित जवान राजेंद्र सिंह के आवास पर सोमवार को क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिक एकत्र हुए। पिछले दिनों कश्मीर में शहीद हुए मेजर शशिधरन नायर को सभी ने श्रद्धांजलि दी।
सेवानिवृत्त आर्मी जवानों के लिए आर्मी भवन बनाने पर चर्चा हुई। इस मौके पर मौजूद स्वर्गीय कर्नल एमपी सिंह के पुत्र होशियार सिंह उर्फ बाबा ने कहा कि उनकी माता प्रीती सिंह ने आर्मी भवन के लिए निजी जमीन एक्स सर्विसमैन कल्याण समिति को दान देने का निर्णय लिया है।
लगभग पांच बीघा जमीन आर्मी भवन के नाम की जाएगी। बैठक में कल्याण समिति की ओर से आर्मी भवन निर्माण के लिए औपचारिक खाका भी तैयार किया गया।
बैठक को पूर्व कैप्टन बरातीलाल गुप्ता, मालती प्रसाद यादव, पूर्व नायब सूबेदार अनिरुद्ध सिंह, सैनिक शिवराज, हवलदार पीएन मिश्र, भृंगी सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
एक एकड़ में बनेगा भवन
एक्स सर्विस मैन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दान के रूप में मिली एक एकड़ जमीन में एक कक्ष, एक सभागार व आवश्यकता के अन्य निर्माण कराए जाएंगे। इससे किसी भी सेवानिवृत्त सैनिक को ठहरने में दिक्कत नहीं होगी।