बहराइच/फखरपुर/रानीपुर। तराई में गुरुवार रात झमाझम बरसात से फखरपुर के मूसेपट्टी गांव में स्थित विद्यालय भवन ढह गया। वहीं रानीपुर के ताजपुर गांव में जलनिकासी की कोई व्यवस्था न होने से पूरा गांव तालाब बन गया है।
तराई मेें रुक रूक कर वर्षा हो रही है। गुरुवार रात को जिले में 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। शहर क्षेत्र में वर्षा से कोई खास दिक्कत नहीं हुई। लेकिन ग्रामीण अंचलों में परेशानी बढ़ गई है। फखरपुर ब्लॉक के मूसे पट्टी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के भवन का आधा हिस्सा रात में बरसात के दौरान गिर गया।
रात में स्कूल भवन ढहने से जनहानि तो नहीं हुई लेकिन लोग दहशत में आ गए। गौरतलब हो कि जर्जर स्कूल भवन को दो वर्ष पूर्व निष्प्रयोज्य घोषित किया गया था। लेकिन अब तक उसे ढहाया नहीं गया था।
जबकि प्रतिदिन स्कूल के छात्र इसी विद्यालय भवन के बरामदे में बैठकर मिड डे मील खाते थे। प्राथमिक विद्यालय में 177 बच्चे है, 100 से डेढ़ सौ तक बच्चे रोज शिक्षा ग्रहण करने आते हैं।
ऐसे में अगर भवन दिन में ढहता तो क्या स्थिति होती अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। स्कूल भवन ढहने की सूचना पाकर खंड विकास अधिकारी तेजवंत सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
उधर वर्षा के चलते हुजूरपुर विकासखंड के ग्राम ताजपुर में जल निकासी की व्यवस्था ना होने से गांव तालाब बन गया है। गांव के पश्चिम टोला मे करीब 50 घरों मे 350 आबादी निवास करती है।