हरखापुर में पुलिस ने किया गश्त
मोतीपुर (बहराइच)। हरखापुर गांव की सड़कों व बाजारों में बुधवार देर रात पुलिसकर्मियों ने गश्त किया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सभी मोहल्लों व बाजारों में गश्त करते हुए ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास कराया। साथ ही सभी को जागरूक रहने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों के पैदल मार्च में ग्राम प्रधान व ग्रामीण भी शामिल रहे।
आईजी गोरखपुर के आदेश पर मोतीपुर तहसील अंतर्गत अति संवेदनशील हरखापुर गांव को मुर्तिहा कोतवाल ने गोद लिया है। गोद लिए गांव में सुरक्षा व क्राइम पर पाबंदी के लिए पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। शुक्रवार को अलविदा की नमाज से पूर्व गांव में कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा गश्त तेज करते हुए लोगों को जागरूक किया। कोतवाली मुर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि बुधवार रात 10:30 बजे पुलिसकर्मियों के साथ हरखापुर बाजार, बस स्टॉप, पृथ्वीपुरवा मार्ग समेत अन्य मोहल्लों व मार्ग पर रात्रि गश्त किया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों से मिलजुलकर ईद मनाने की अपील की। इस मौके पर ग्राम प्रधान नबी अहमद, राजन, अरुण कुमार सिंह, बृजेंद्र चौधरी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।