बहराइच के विकास भवन का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच/नानपारा। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने मंगलवार को विकास भवन और जल निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें पांच कर्मचारी नदारद मिले। उधर, एसडीएम नानपारा के निरीक्षण में तीन चिकित्सकों समेत आठ कर्मचारी नदारद मिले। इन सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी सुबह सीडीओ कविता मीना के साथ विकास भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के चपरासी हरीलाल गौड़, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय के कनिष्ठ सहायक बलदाऊ कृष्ण गुप्ता, विकास विभाग के उर्दू अनुवादक मोहम्मद अबुजर, एनआरएलएम की कंप्यूटर ऑपरेटर रश्मि व मनरेगा के लेखा सहायक सिराज अहमद अनुपस्थित मिले। डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने जल निगम कार्यालय का भी जायजा लिया। उधर नानपारा के एसडीएम सूरज पटेल ब्लॉक बलहा के कार्यालय पहुंचे। यहां पर एक महिला कर्मी के स्थान पर उसके पुत्र के हस्ताक्षर पाए गए। एसडीएम ने उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचने पर एसडीएम को चिकित्सक डॉ. आरके मिश्रा, डॉ. वीके ठाकुर, महिला चिकित्सक डॉ. अर्चना गुप्ता, ईसीजी आपरेटर चंदन कुमार, वार्ड ब्वाय नरेश कुमार व सुभाष सिंह गैरहाजिर मिले। नगर पालिका परिषद नानपारा के निरीक्षण में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुरेश कुमार नदारद मिले। इन सभी का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है।