बहराइच। आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार को जनपद के चार थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने भारी तादाद में शराब बनाने के उपकरण, लहन, एक बाइक व 125 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की। मामले में टीम ने 14 मुकदमे दर्ज करते हुये आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जनपद में अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने आबकारी निरीक्षक अरविंद सिंह, दिनेंद्र सिंह, सुनील कुमार, अर्चना पांडेय व आशुतोष उपाध्याय की अगुवाई में टीम गठित कर छापा मारने के निर्देश दिये थे। इसी के तहत शुक्रवार को टीम ने थाना क्षेत्र नानपारा के ग्राम जागीर मौजा इटहा, थाना रामगांव स्थित ग्राम कहारनपुरवा, धर्मनपुर व अकबरपुर, थाना मूर्तिहा के ग्राम पसियान कुट्टी और थाना पयागपुर के ग्राम खुटेहना में छापा मारा।
इस दौरान टीम ने मौके से भारी तादाद में शराब बनाने उपकरण, एक क्विंटल लहन, एक बाइक और 125 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की। टीम ने मौके पर लहन को नष्ट करते हुये आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में टीम ने थाना क्षेत्रों में 14 मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने बताया कि सभी गांवों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद आबकारी निरीक्षकों की टीम गठित कर थाना क्षेत्रों में छापा मारने की कार्रवाई की गई थी। इस दौरान मौके पर काफी तादाद में शराब बनाने के उपकरण, बाइक व 125 लीटर कच्ची शराब बरामद कर आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में थाना क्षेत्रों में 14 मुकदमे भी दर्ज कराये गये हैं।