कतर्नियाघाट (बहराइच)। चफरिया के राजा साहब कोठार फार्म पर महिला संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक हुई। बैठक के बाद महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध शराब व जुए के कारोबार पर अंकुश नहीं लग रहा है। जिससे आए दिन बवाल होती है। प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा। अंकुश न लगने पर सभी ने वृहद आंदोलन की चेतावनी दी है।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चफरिया के राजा साहब कोठार फार्म परिसर में महिला संगठनों की बैठक हुई। अध्यक्षता अंबेगृहवाणी महिला विकास संस्थान सचिव शिवकुमार मौर्य ने की। बैठक में सुजौली, चफरिया, ओरीपुरवा, मौरहवा, नवीनपुरवा, मटेही, आनंद नगर, नवतोड़ की महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार काफी बढ़ गया है। इसके सेवन से लोगों की जान तक जा सकती है। आए दिन क्षेत्र में बवाल होता है। वहीं अंबे गृहवाणी महिला विकास संस्थान की पूनम देवी व रामावती ने कहा कि जुआ का खेल भी क्षेत्र में बढ़ गया है। मना करने पर लोग झगड़ने लगते हैं। लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। इस बारे में कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बैठक के अंत में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने पर चर्चा हुई। प्रदर्शन के दौरान आशा देवी, हीरा कुमरा, प्रमिला देवी, फूलमती, शकुंतला, मालती देवी, कादमा, पार्वती, निर्मला, रजनी आदि महिलाएं शामिल रहीं।