बहराइच। सिसवारा गांव में बड़ी बहन के पास सो रही एक बालिका के बाल रात में रहस्यमय तरीके से कट गए। इस मामले में सोमवार दोपहर बाद सभी को पता चला। तब हड़कंप मचा। बालिका के पिता का कहना है कि बेटी की चोटी किसी कीड़े द्वारा कुतरने का एहसास हो रहा है। हालांकि उन्होंने किसी भी पुलिस कार्रवाई से इन्कार किया।
फखरपुर थाना अंतर्गत सिसवारा गांव निवासी नीरज शुक्ला की बेटी स्वाती शुक्ला (7) प्रतिदिन की तरह अपनी बड़ी बहन शिवानी शुक्ला के साथ चारपाई पर सो रही थी। सुबह स्वाती सोकर उठी तो उसकी चोटी के बाल बिस्तर पर कटे पड़े थे। बेटी के बाल बिस्तर पर कटे देख परिवारीजन सकते में आ गए। बालिका स्वाती का कहना है कि वह सो रही थी। चोटी के बाल कैसे कटे पता नहीं। वहीं उसकी बड़ी बहन भी स्वाती की चोटी रहस्यमय तरीके से कटने की बात से अंजान है। दोपहर बाद गांव के लोगों को बालिका की चोटी कटने का पता चला तो उसे देखने के लिए लोगोें की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मामले में पिता नीरज का कहना है कि लग रहा है कि किसी कीड़े ने बेटी के बाल को कुतरा है। उन्होंने कहा कि यह अप्रत्याशित घटना है लेकिन वह कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करेंगे। इस मामले में थानाध्यक्ष राम कृपाल शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। अब पता चला है। मौके पर पुलिस टीम भेज रहे हैं। वहीं एएसपी कमलेश दीक्षित ने कहा कि यह घटना भी अफवाहों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जांच कराने के बाद कार्रवाई करेंगे।