चोरों ने छह घरों को खंगाला
नकदी व जेवरात समेत आठ लाख का माल उड़ाया
राजीचौराहा (बहराइच)। चोरों ने शुक्रवार की रात हरदी थाना क्षेत्र के तीन गांवों में छह घरों से नकदी व जेवरात समेत आठ लाख की संपत्ति पार कर दी। इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई है, लेकिन अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।
हरदी थाना क्षेत्र के हरदीगौरा गांव निवासी रामानंद के घर में गुरुवार की रात बिजली न होने के चलते खाना खाने के बाद परिवार के लोग घर के बाहर सो रहे थे। इसी बीच देर रात मकान की दीवार में सेंध लगाकर चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 15000 हजार रुपये, सवा लाख के सोने व चांदी के जेवरात, कपड़ा व बर्तन और अन्य कीमती सामान समेट लिया। इसके बाद चोरों ने सिकंदरपुर गांव निवासी लल्लू दीक्षित के घर से 20 हजार रुपये, जेवरात, कपड़ा, बर्तन समेत लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति उड़ा दी। जबकि पड़ोसी प्रदीप कुमार के घर से जेवरात और अन्य कीमती सामान समेत एक लाख का माल समेट लिया। इसी रात चोरों ने थाना क्षेत्र के बभनौटी गांव में गुड्डू सिंह के घर से 70 हजार, रमेश कुमार के घर से एक लाख और राम प्रताप सिंह के घर से डेढ़ लाख की संपत्ति पार कर दी। सुबह सभी लोग सोकर उठे तो चोरी होने की जानकारी हुई। मामले की सूचना थाने पर दी गई। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों से लोगों में दहशत है।