अनियंत्रित बाइक पलटी, मां की मौत, बेटा घायल
लखीमपुर-नानपारा मार्ग पर सामने मवेशी आने से हुआ हादसा
मोतीपुर (बहराइच)। नानपारा से शुक्रवार को बाइक से घर लौटते समय अचानक सामने मवेशी के आने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय मां ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि जख्मी पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के गुजरहना गांव निवासी फात्मा (65) पत्नी जलील अहमद अपने 30 वर्षीय बेटे अजीजुल के साथ बाइक से रिश्तेदारी में नानपारा गई थी। शुक्रवार को सुबह बाइक पर सवार होकर मां व बेटे घर लौट रहे थे। इसी दौरान नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर रायबोझा धर्मकांटा के पास बाइक पहुंचने पर अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। उससे बचने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अजीजुल को हल्की चोटें आईं, जबकि फात्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। यहां पर फात्मा की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही फात्मा ने दम तोड़ दिया।