महसी (बहराइच)। सरयू नदी के कछार में स्थित गांवों में खूनी भेड़िये इस समय आतंक का पर्याय बने हुए हैं। इनके हमले से अब तक पांच की मौत हो चुकी है व 50 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। डीएम ने भेड़िये से प्रभावित 32 गांवों में अफसरों की टीम तैनात की है। बाराबंकी के डीएफओ आकाशदीप बधावन अब भेड़िया पकड़ने की टीम की अगुवाई करेंगे। इसके साथ ही लखनऊ समेत वन विभाग के पांच जिलों की टीम यहां लगी है।
डीएम मोनिका रानी ने जिन अफसरों की टीम को भेड़िया पकड़ने में सहयोग करने के लिए लगाया है, उनमें जिला विकास अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिलापंचायत राज अधिकारी, प्रशिक्षु उपजिलाधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी व सहायक निदेशक मत्स्य सहित जिला स्तर के 11 नोडल अधिकारी शामिल हैं।
ये सभी अफसर रोज शाम सात से सुबह चार बजे तक अपने-अपने चयनित गांवों में सतर्कता अभियान व बचाव कार्यों में ड्यूटी कर रहे हैं। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर के सभी 160 अधिकारियों व कर्मचारियों की मानिटरिंग भी करेंगे।
एसडीएम महसी को यह निर्देश दिया गया है कि तहसील क्षेत्र के समस्त लेखपाल व राजस्व निरीक्षकों की टीम के साथ ड्यूटी लगाएं। समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में पीआरडी जवानों की उपस्थिति, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारी, चौकीदार, ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से संपर्क स्थापित कर गांवों में निगरानी सुनिश्चित करें।