नवाबगंज (बहराइच)। नवाबगंज से बोलेरो वाहन धुलवाकर वापस जा रहे चालक का नियंत्रण खो गया। जिससे उसने सड़क किनारे स्थापित चार दुकानों को तहस-नहस कर दिया। वाहन के अपने आप रुकते ही चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
श्रावस्ती जिले के मनवरिया दीवान गांव निवासी फैयाज खान बोलेरो वाहन का संचालन करते हैं। उन्होंने गांव निवासी चालक को वाहन धुलवाने के लिए जिले के सटे नवाबगंज कस्बे भेजा। यहां पर चालक वाहन धुलवाकर वापस घर जाने लगा। तभी नवाबगंज-मनवरिया मार्ग पर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी।
वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गुमटी व दुकानों में घुस गया। हादसे में कस्बा निवासी अतीकुर्रहमान की ठेलिया, अब्दुल हलीम अंसारी की दुकान, शब्बीर की नाई की दुकान, काले अंसारी की बाइक रिपेयरिंग की दुकान तहस-नहस हो गई। इसके बाद वाहन अपने आप रुक गया। लोगों ने भागकर जान बचाई।
आसपास के लोग एकत्रित हुए। लेकिन इसी दौरान चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ितों ने नुकसान की भरपाई के लिए थाने पर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। वाहन स्वामी को मौके पर बुलाया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।