रुपईडीहा (बहराइच)। कटघर गांव निवासी एक व्यवसायी का ट्रक भरा खाद्यान्न चोरी हो गया था। पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसओ द्वारा गठित टीम ने मुरादाबाद पुलिस से संपर्क साधा। स्थानीय पुलिस के सहयोग से रुपईडीहा पुलिस ने आरोपी को ट्रक व उस पर लदे धान समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो लाख 30 हजार रुपये भी बरामद हुए है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
रुपईडीहा थाना अंतर्गत कटघर गांव निवासी मोहम्मद सद्दीक पुत्र बकरीदी धान व गेहूं की सप्लाई ट्रक द्वारा दूसरे जिलों को करते हैं। उनकी ट्रक बाबागंज मार्ग से एक माह पूर्व रहस्यमय हालत में गायब हो गयी थी। उस पर खाद्यान्न लदा था। चालक का भी सुराग नहीं लग रहा था। पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने लूट, धमकी, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए रुपईडीहा पुलिस को निर्देश दिया।
एएसपी ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह व पुलिस उपाधीक्षक विजय प्रकाश सिंह के निर्देशन में रुपईडीहा थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्र ने टीम गठित की। टीम मुरादाबाद पहुंची। यहां पर भोजपुर पुलिस से संपर्क साधा। एसओ ने बताया कि भोजपुर पुलिस के सहयोग से भोजपुर जामा मस्जिद निवासी मकसूद अहमद को गिरफ्तार कर बहराइच लाया गया।
उसके पास से ट्रक संख्या यूपी 21 सीएन 0740 एवं 19 बोरी धान तथा 17 खाली बोरी बरामद हुई। साथ ही दो लाख 30 हजार रुपये भी बरामद हुए। एसओ ने गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेज दिया है। मुरादाबाद जाने वाली टीम में उपनिरीक्षक रवि प्रताप सिंह सेंगर, उपनिरीक्षक आरिफ अब्बास, अवनीश विक्रम सिंह आदि शामिल रहे।