उर्रा (बहराइच)। बढ़ईनपुरवा गांव के बाहर सरयू नदी पर बांध बना है। जंगल क्षेत्र में तेज बारिश के कारण नहर उफान पर है। मिट्टी कट रही है। जगह-जगह रिसाव शुरू हो गया है।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। लेकिन अभी तक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना नहीं किया है। ऐसे में ग्रामीण तेज बारिश होने पर बांध के कटने की आशंका जता रहे हैं।
मिहींपुरवा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमृतपुर के बढ़ईनपुरवा में सत्यनरायन फार्म के सामने तथा चमारनपुरवा गांव में पानी रोकने के लिए बांध बना है।
लेकिन पटाई पुरानी होने के कारण बांध टूटने की कगार पर है। ग्राम प्रधान अजय कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज श्रीवास्तव, छेद्दू, नन्हें यादव, रामजी तिवारी आदि ने बताया कि लगातार बारिश होने से बांध में कई जगह रिसाव हो रहा है।
बारिश हुई तो 24 घंटे में बांध टूट जाएगा। बांध टूटने से कई गांव डूब जाएंगे, फसल तबाह हो जाएगी। इसकी सूचना ग्राम प्रधान ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी, लेकिन किसी अधिकारी ने मौके का मुआयना नहीं किया है।
दो साल पहले भी कट गया था बांध
वर्ष 2015 में अगस्त में आई बाढ़ में दोनों बांध टूट गए थे। इससे हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई थी। कई ग्रामीणों के मकान जमीदोज हो गए थे। लेकिन इसके बाद भी सिंचाई विभाग अंजान बना हुआ है। ऐसे में दो साल पूर्व का वाकया इस बार भी हो सकता है।