मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरी
बहराइच। शहर के मोहल्ला छोटी बाजार में स्थित एक मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और अन्य सामान समेत एक लाख का माल पार कर दिया। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।
कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला छोटी बाजार में काली मंदिर के निकट मोहम्मद आरिफ की मोबाइल शॉप है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात आरिफ दुकान बंद कर घर चले गए। इसी रात दुकान का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने कैश काउंटर में रखा 15 हजार रुपये नकद, 50 हजार रुपये के मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रानिक सामान के अलावा कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह आसपास के लोगों ने दुकान के शटर का ताला टूटा देखा तो सूचना आरिफ को दी। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है।