फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 साल से जलभराव की समस्या से जूझ रहे 10 हजार लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। जिले में विकास की गंगा बहाने वाले वादों की पोल शहर के मोहल्ला बक्शीपुरा चांदमारी में सड़क पर हुए जलभराव की तस्वीरें खोल रही हैं। हर ओर सड़क बनाने का वादा और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने का एलान यहां आकर समाप्त होता सा नजर आ रहा है। मुख्यालय से उठने वाली विकास की रोशनी चांदमारी मोहल्ले में आते-आते रुक जा रही है। बीते दो दशक से परेशान मोहल्लेवासी डीएम से लेकर सीएम तक अपनी पीड़ा सुना चुके है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। शायद यही कारण है कि मोहल्ले के लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं और समाधान पाने के लिए अधिकारियों की चौखट को नाप रहे हैं।
विज्ञापन

शहर का मोहल्ला बक्शीपुरा चांदमारी बीते दो दशक से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। यहां की आबादी लगभग 10 हजार है। नाला व सड़क का निर्माण न होने से यहां के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासी नगर पालिका परिषद, डीएम कार्यालय व मुख्यमंत्री तक पत्र भेजकर अपनी समस्या से निजात पाने के लिए आवाज बुलंद कर चुके है, लेकिन यह आवाज अधिकारियों की टेबल पर लगी फाइलों की कतार में दब जा रही है। अधिकारियों से मिलने पर आश्वासन देकर मोहल्लेवासियों को लौटा दिया जा रहा है। समस्या से निजात दिलाने के लिए भाजपा के नेता भी कोई पहल नहीं करते नजर आ रहे हैं। ईओ पवन कुमार ने बताया कि मोहल्लेवासियों की समस्या जल्द दूर कराई जाएगी।
बजट न होने का बना रहे बहाना
वर्ष 2000 से जलभराव व कीचड़ की समस्या बनी हुई है। इसकेे लिए मोहल्लेवासियों ने काफी प्रयास भी किया, लेकिन अधिकारी बजट न होने का रोना रोकर मामले से किनारा कस ले रहे हैं। इससे मोहल्लेवासी समेत अन्य राहगीरों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है।
विज्ञापन

आत्मप्रकाश मिश्रा
कीचड़ के कारण एंबुलेंस नहीं आ सकती
मोहल्ले में जलभराव के कारण बहुत समस्या हो रही है। कई बार अधिकारियों से समस्या के निजात के लिए गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आलम यह है कि अगर कोई बीमार हो जाए तो यहां तक एंबुलेंस नहीं आ सकती। कहीं न कहीं कीचड़ में फंस जरूर जाएगी।
रामबचन
कई लोग हो चुके हैं चोटिल
सड़क पर गड्ढा व जलभराव होने के कारण कई बार बाइक व ऑटो फंस चुके हैं। लोगों पानी में ही गिर कर चोटिल हो चुके हैं। लोगों को अस्पताल जाने में बड़ी दिक्कतें होती है। कोई भी रिक्शा व ऑटो वाला आने को तैयार नहीं होता है। अब तक दो दर्जन से अधिक लोग जलभराव होने के कारण चोटिल हो चुके है।
सुरेश चंद्र
हाईवे को जोड़ती है सड़क
बहराइच-गोंडा हाईवे से समर्पण हॉस्पिटल से पहले ट्रांसफार्मर के पास से होते हुए यह सड़क आसाम रोड हाईवे को जोड़ती है। इसके बावजूद जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी समस्या को सुनने को तैयार नहीं है। यही हाल रहा तो मोहल्लेवासियों को धरना-प्रदर्शन करना होगा।
विज्ञापन

मनीष मिश्रा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें