बहराइच। कोरोना की रफ्तार जिले में बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में 21 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज का स्वास्थ्य कर्मी और विशेश्वरगंज क्षेत्र के तीन लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य कर्मी को होम आइसोलेट किया गया है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को भी कोरोना के 21 नए संक्रमित मरीज मिले। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला है। पयागपुर के सुभाष नगर कालोनी निवासी युवक भी संक्रमित मिला है। सीएमओ ने बताया कि विशेश्वरगंज के मनीटांड़, मोहम्मदपुर में तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा शहर निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को कोविड अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करा दिया गया है। वहीं शहर क्षेत्र के मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना जांच के लिए 111935 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 107775 लोगों की रिपोर्ट जिले को मिल गई है, जबकि 1633 लोगों की रिपोर्ट अभी तक लंबित है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के छह तहसीलों में 119 कंटेनमेन जोन सक्रिय हैं। यहां पर चिकित्सकों की टीम घर-घर जाकर सैंपल ले रही है। लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच लगातार की जा रही है।