बहराइच। सभी को आवास मिलने की ओर कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 1,717 लाभार्थियों के खाते में 11.14 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी है। गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद बुधवार को मिली सौगात से लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। एनआईसी में आवास की चाबी ऑनलाइन कार्यक्रम के बाद प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को लखनऊ से ऑनलाइन धनराशि का हस्तांतरण किया। योजना के तहत बुधवार को आयोजित कार्यक्रम का एनआईसी में सजीव प्रसारण हुआ। लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, नानपारा विधायक माधुरी वर्मा व एडीएम जयचंद्र पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी परवीन बानो, प्रेमा देवी, पूजा पाल, गुड़िया मिश्रा व रीना देवी को प्रथम किश्त का स्वीकृति पत्र सौंपा। इसके साथ ही लाभार्थी मोहिनी, उमा देवी, गीता, संजू तिवारी, गुड़िया बेगम, माया, पूजा देवी अवस्थी, शिवानी साहू, राधा व फरजाना बानो को आवास की चाबी भेंट की गई।
बहराइच जनपद के 475 लाभार्थियों को आवास निर्माण की प्रथम किश्त प्रति लाभार्थी 50,000 की दर से, 256 लाभार्थियों को द्वितीय किश्त प्रति लाभार्थी 1,50,000 की दर से तथा 986 लाभार्थियों को तृतीय किश्त प्रति लाभार्थी 50,000 की दर से कुल 11 करोड़ 14 लाख 50 हजार धनराशि ऑनलाइन खातों में ट्रांसफर की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निकायवार लाभान्वित व्यक्तियों की बात की जाए तो नगर पालिका परिषद बहराइच के 259 लाभार्थियों को प्रथम, 101 को द्वितीय व 527 को तृतीय और नानपारा के 98 लाभार्थियों को प्रथम, 81 को द्वितीय व 206 को तृतीय किश्त की धनराशि प्राप्त हुई है। जबकि नगर पंचायत जरवल के 26 लाभार्थियों को प्रथम, 25 को द्वितीय व 49 को तृतीय और नगर पंचायत रिसिया के 92 लाभार्थियों को प्रथम, 49 को द्वितीय व 204 को तृतीय किश्त की धनराशि प्रेषित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों के खातों में धनराशि के ऑनलाइन हस्तांतरण के मौके पर परियोजना अधिकारी डूडा संजय कुमार सिंह व प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तमाम लाभार्थी भी मौजूद रहे।
नगर निकाय बहराइच, नानपारा, जरवल व रिसिया में संबंधित निकाय की अध्यक्ष रूबीना रेहान, अब्दुल मुईद, तसलीमा बानो व महमूद अहमद एवं ईओ पवन कुमार, अशोक कुमार तिवारी, देव कुमार व शैलेंद्र मिश्र की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को आवास की चाबी व प्रमाणपत्र का वितरण किया गया।