रडार पर यूरिया खरीदार और दुकानदार, कालाबाजारी पर लगेगी रासुका
बागपत। लखनऊ से सख्ती के बाद जिले में यूरिया की कालाबाजारी की जांच चल रही है। अब तक यूरिया की बिक्री और खरीद को लेकर जिले में तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं और तीन दुकानदारों का लाइसेंस निलंबित कर कारण बताओ नोटिस दिया गया है। अधिक यूरिया खरीदने पर जिले के 21 किसान कृषि विभाग की जांच के घेरे में हैं। कालाबाजारी करने पर अधिकारियों ने रासुका लगाने की चेतावनी दी है।
जिला कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग की ओर से जिले भर में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक का पीओएस एवं रजिस्टर से मिलान किया जा रहा है। उर्वरक बिक्री और खरीद को लेकर अगस्त माह में जिले की 250 में से 80 दुकानों पर स्टॉक चेक किया जा चुका है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अगस्त में तीन लाइसेंस निरस्त किए गए हैं और तीन लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किया गया है। जांच के उपरांत संबधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिक यूरिया खरीदने पर जांच के घेरे में 21 किसान
जिले में 21 किसान ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने अधिक यूरिया की खरीद की है। इन्होंने लगभग 200 मीट्रिक टन यूरिया खरीदा है। इनके खिलाफ भी जांच चल रही है।
बिना आधार कार्ड नहीं मिलेगा उर्वरक
एआर कोऑपरेटिव देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिले की सभी समितियों एवं दुकानों पर उर्वरक उपलब्ध है। आधार कार्ड व पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाए बगैर उर्वरक की बिक्री करने पर संबधित दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मानक के अनुसार प्रयोग करेें उर्वरक
जिला कृषि रक्षा अधिकारी का कहना है कि किसान मानक के अनुसार ही उर्वरक प्रयोग करें। ऐसा न करने पर फसलों में कीट का प्रकोप बढ़ जाता है।
जिले की स्थिति
2019 2020
लक्ष्य 24411 27235
वितरण 21598 27078.03
उपलब्ध 27219 29446.73
नोट : उर्वरक की बिक्री मीट्रिक टन में और वित्तीय वर्ष 2020 का आंकड़ा 25 अगस्त तक का है।
लक्ष्य एवं बिक्री 21 अगस्त 2019 तक
उर्वरक का नाम लक्ष्य बिक्री
यूरिया 12438 6481
डीएपी 3049 2175
एनपीके 313 280
लक्ष्य एवं बिक्री 25 अगस्त 2020 तक
उर्वरक का नाम लक्ष्य बिक्री
यूरिया 10955 10263
डीएपी 3212 3918
एनपीके 367 144
नोट - उर्वरक की मात्रा मीट्रिक टन में है।