-विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए अन्नू तोमर का नाम भेजने पर चल रहा विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राज्य स्तर के स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए अन्नू तोमर का नाम भेजने पर शुरू हुए विवाद में सीडीओ के नोटिस पर युवा कल्याण अधिकारी मंगलवार को जवाब दे सकते हैं। सीडीओ ने उनको तीन दिन में नाम भेजने से जुड़े अभिलेखों के साथ जवाब मांगा था।
स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की जिला समन्वयक अन्नू तोमर का नाम प्रस्तावित करके फाइल सीडीओ को भेज दी थी। जिस पर उस समय विवाद हो गया, जब सीडीओ ने युवा कल्याण अधिकारी को नोटिस जारी करके यह अभिलेख मांग लिए कि आखिर इनका नाम किन उपलब्धियों के लिए प्रस्तावित किया गया है। सीडीओ ने अभिलेख के साथ तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा था। इसमें सोमवार को युवा कल्याण अधिकारी ने जवाब नहीं दिया तो मंगलवार को जवाब देने का आखिरी दिन है। सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्ताव के अनुसार अभी तक जवाब नहीं आया है और तीन दिन में जवाब मांगा गया था। इसका जवाब आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अवार्ड के लिए नाम नहीं भेजा, केवल दिया था प्रस्ताव : वैश्विक
जिला युवा कल्याण अधिकारी वैश्विक डबास का इस पूरे मामले में कहना है कि अन्नू तोमर का अवार्ड के लिए अभी नाम नहीं भेजा गया है। यह केवल प्रस्ताव दिया गया था। इसमें सीडीओ ने अभिलेख के साथ जवाब मांगा है तो उनको सभी बिंदुओं पर जवाब भेजा जाएगा। इसमें क्या-क्या बिंदु है, वह गोपनीय है, उनको सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है।