चांदीनगर (बागपत)। गोना गांव के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बाइक फिसलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बावली निवासी युवक विशु (24) पुत्र सतेंद्र का रविवार को जन्मदिन था। वह बाइक पर सवार होकर घर से अपने दोस्त उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी राजपाल के साथ निकला था। रात में लगभग साढ़े आठ बजे वह जैसे ही ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर गोना गांव के पास पहुंचा तो उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल के लिए भेजकर पुलिस को सूचना दी। इलाज के दौरान विशु की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त राजपाल की गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार राजपाल नशे की हालत में था। इस कारण यह हादसा हुआ है।