बागपत के रटौल के युवक का मंगलवार सुबह प्राइवेट पार्ट काटने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बेहोशी की हालत में युवक को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। युवक पिछले काफी समय से किन्नरों के साथ रहता था। युवक के होश में आने के बाद ही घटना का पता चलेगा।
रटौल गांव निवासी युवक (25) रटौल-बंथला मार्ग पर मुबारिकपुर गांव के पास अर्द्धनग्न और लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। वह बेहोशी की हालत में था। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। देखने पर युवक का प्राइवेट पार्ट कटा मिला। करीब 60 मीटर की दूरी पर बाग में प्राइवेट पार्ट और अन्य सामान पड़े मिले। वहां खून पड़ा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल युवक को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया।
उसका प्राइवेट पार्ट कैसे कटा, इसका अभी पता नहीं चला। उसके होश में आने के बाद ही इसका पता चलेगा। रटौल के लोगों ने बताया युवक पिछले काफी समय से किन्नरों के साथ रहता था। उसका एक साल पहले किन्नरों से बधाई के क्षेत्र को लेकर झगड़ा हो गया था। इस केस में युवक जेल चला गया था। दो माह पहले ही जमानत पर जेल से आया था। खेकड़ा पुलिस ने कहा मामले की जांच की जा रही है। इसी के आधार पर कार्रवाई होगी।