बागपत के खेकड़ा में दिल्ली से रात के समय ट्रेन में सवार होकर अपने गांव धनौरा सिल्वर नगर जा रहा 26 वर्षीय युवक धक्का-मुक्की के बीच गोठरा रेलवे हाल्ट के समीप गिरकर गंभीर घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
ग्राम धनौरा सिल्वर नगर निवासी सुरेंद्र सैनी पुत्र हरिकिशन सैनी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह रोज गांव से ही ट्रेन में दिल्ली ड्यूटी पर आता-जाता था। रविवार की रात करीब 10 बजे वह दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर घर लौट रहा था।
वह ट्रेन की बोगी में खिड़की के समीप खड़ा था। ट्रेन गोठरा रेलवे हाल्ट के पास पहुंची तो यात्रियों की धक्का-मुक्की के चलते वह नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गया। यात्रियो ने साहस कर ट्रेन को वैक्यूम काटकर वहीं रुकवा लिया।
गंभीर घायल सुरेंद्र सैनी को ट्रेन में बैठाकर खेकड़ा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में परिजन शव को लेकर गांव लौट गए। इससे पहले भी ट्रेन में धक्का-मुक्की के चलते कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद रेलवे विभाग कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है।